अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर के शांतीनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता वरद जगदीश थीगळे (27), जो एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि भिवंडी के माधव नगर स्थित एक फ्लैट में लंबे समय से अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

आरोपी की पहचान अंसारी जुबेर अहमद के रूप में हुई है, जो माधव नगर इलाके में स्थित मरहूम मुनीर अंसारी मंजिल में रहता है। आरोप है कि उसने 6 फरवरी 2025 से 5 फरवरी 2026 के बीच बिजली मीटर को बायपास कर सीधे फीडर सेक्शन पिलर से अवैध कनेक्शन जोड़ लिया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने काले रंग की दो कोर केबल के जरिए अनधिकृत रूप से बिजली आपूर्ति लेकर करीब 7,526 यूनिट बिजली का उपयोग किया, जिससे कुल 1,85,722.44 रुपये की चोरी हुई।
इस मामले में 20 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:31 बजे शांतीनगर पुलिस स्टेशन में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ई-साक्ष्य भी पुलिस को प्राप्त हुआ है।
मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अरुण घोलप कर रहे हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

