माणगांव के लोनेरे में दिनदहाड़े वारदात, संदिग्ध युवक फरार; महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
संवाददाता महाराष्ट्र
रायगढ़। जिले के माणगांव तालुका स्थित लोनेरे में मुंबई-गोवा हाईवे किनारे एक लॉज में युवती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। लॉज के कमरे से युवती का खून से लथपथ शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एक युवक और युवती ने लॉज में कमरा किराए पर लिया था। दोपहर के करीब युवक वहां से अचानक गायब हो गया। इसके बाद जब कमरे की जांच की गई तो युवती का नग्न अवस्था में खून से सना शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही गोरेगांव पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने मामले में लॉज के मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही फरार संदिग्ध युवक की तलाश तेज कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है।
घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।

