नागपुर में सनसनी: होटल कारोबारी की लाश बोरे में मिली, हत्या की आशंका

महाराष्ट्र

नागपुर
शहर के जारिपटका इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक होटल व्यवसायी का शव बोरे में बंद हालत में नाले के किनारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले को हत्या के एंगल से जांच रही है।


जानकारी के मुताबिक, घटना जारिपटका थाना क्षेत्र के नारा घाट के पास की है, जहां स्थानीय लोगों ने नाले के किनारे एक संदिग्ध बोरा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलने पर अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान राहुल साहू के रूप में हुई है, जो जिंगाबाई टाकली इलाके का निवासी था। वह ‘हैप्पी डे’ नाम से होटल का संचालन करता था, जो अचराज टॉवर में स्थित है।

परिजनों के अनुसार, राहुल दो दिन पहले घर से यह कहकर निकला था कि उसे किसी से पैसे लेने जाना है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। चिंतित परिजनों ने सदर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इसी बीच, दो दिन बाद उसका शव बोरे में बंद हालत में नाले के पास मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। जारिपटका पुलिस स्टेशन की टीम मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसकी वजह क्या है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *