भिवंडी-वाडा रोड पर खड्डों से बड़ा हादसा, सरिया से लदा कंटेनर टूटा; दो घंटे तक जाम

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी-वाडा मार्ग पर शुक्रवार सुबह आनगांव गांव की सीमा में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहे की सरियों से भरा एक भारी कंटेनर सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण असंतुलित होकर टूट गया, जिससे उसका केबिन अलग होकर सड़क पर आ गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क की जर्जर स्थिति के चलते कंटेनर का पाटा अचानक टूट गया और वाहन बीच सड़क पर आड़ा हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भिवंडी-वाडा रोड की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है और आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। वर्तमान में मार्ग पर एक ओर कंक्रीटीकरण का काम चल रहा है, जबकि दूसरी ओर बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।

भारी माल ढो रहे कंटेनर पर दबाव बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन अलग हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से टूटे कंटेनर को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

इस हादसे ने एक बार फिर भिवंडी-वाडा सड़क की बदहाल स्थिति और संबंधित विभाग की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *