अब्दुल गनी खान
भिवंडी। समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सपा महिला विंग की शहर जिला अध्यक्ष सुग्गी देवी यादव के नेतृत्व में भिवंडी स्थित सपा कार्यालय के नीचे आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपर्णा यादव के कथित बयान और हालिया घटनाओं के विरोध में नारेबाजी की। इसी दौरान उनका फोटो जलाकर विरोध दर्ज कराया गया। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने फोटो को चप्पलों से भी मारा और बाद में उसमें आग लगा दी।
सपा महिला अध्यक्ष सुग्गी देवी यादव ने आरोप लगाया कि लखनऊ में अपर्णा यादव द्वारा महिला आरक्षण बिल से जुड़े मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के झंडे जलाए जाने की घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में तनाव पैदा करती हैं और इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस तरह की घटनाएं दोबारा होती हैं तो पार्टी कार्यकर्ता और अधिक उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय स्तर पर हुए इस प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।

