अब्दुल गनी खान
भिवंडी में महाराष्ट्र पुलिस के एक जवान ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में तैनात पुलिस हवालदार संतोष सूर्यवंशी ने सड़क पर मिली 12,500 रुपये से भरी पिशवी को उसके असली मालिक तक पहुंचाकर कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल 2026 को नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय नारपोली पुलिस स्टेशन के सामने सड़क पर संतोष सूर्यवंशी को एक पिशवी मिली। पिशवी की जांच करने पर उसमें स्कूल फीस की रसीद मिली, जिसके आधार पर उन्होंने एजाज मुनीर खान से संपर्क किया और उन्हें पुलिस स्टेशन बुलाया।
इसके बाद हवालदार सूर्यवंशी ने पूरी रकम एजाज खान को सौंप दी। बताया जा रहा है कि यह राशि उनके बच्चे की पढ़ाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी। पैसे वापस मिलने के बाद पिता और बेटी के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
एजाज खान ने इस सराहनीय कार्य के लिए महाराष्ट्र पुलिस का आभार जताया। वहीं, संतोष सूर्यवंशी की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

