अब्दुल गनी खान
भिवंडी: ऑल इंडिया मुस्लिम ओबीसी ऑर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय शब्बीर अहमद अंसारी की स्मृति में भिवंडी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह कार्यक्रम साफिया गर्ल्स हाई स्कूल, सलामतपुरा, नाईगांव रोड में आयोजित किया गया। सभा की शुरुआत पवित्र कुरान की तिलावत और दुआ के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाफिज जमील ने की, जबकि संचालन मौलाना इम्तियाज अहमद फलाही ने किया।
इस अवसर पर मुंबई से दैनिक हिंदुस्तान के संपादक सरफराज आरजू और सईद खान विशेष रूप से मौजूद रहे। दिवंगत शब्बीर अहमद अंसारी के पुत्र गुफरान अहमद अंसारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभा को ऑल इंडिया मुस्लिम ओबीसी ऑर्गनाइजेशन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फाजिल अंसारी, अधिवक्ता यासीन मोमिन, मौलाना औसाफ फलाही, मुफ्ती सैयद मोहम्मद हुजैफा कासमी, अब्दुल रशीद ताहिर मोमिन और सलीम रहमतुल्लाह अंसारी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने उनके सामाजिक, शैक्षणिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों को याद करते हुए कहा कि शब्बीर अहमद अंसारी ने अपना जीवन समाज और समुदाय की सेवा में समर्पित किया।

भिवंडी मनपा के उपमहापौर मोहम्मद तारिक मोमिन ने विधायक शेख रईस कासिम शेख का श्रद्धांजलि संदेश भी पढ़कर सुनाया।
कार्यक्रम में अनस अंसारी, सरफराज आरजू, सईद खान, इसहाक खड़के, तारिक मोमिन, सलीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी, धर्मगुरु और परिवारजन मौजूद रहे।
अंत में स्वर्गीय शब्बीर अहमद अंसारी की आत्मा की शांति और परिजनों को धैर्य प्रदान करने के लिए सामूहिक दुआ की गई।

