अब्दुल गनी खान
भिवंडी: शहर में एक बार फिर आपराधिक घटना से दहशत फैल गई है। शांतिनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक रियल एस्टेट कारोबारी पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। मामूली शक के चलते हुए इस हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, न्यू आजादनगर निवासी कमरूजमा मोहम्मद शब्बीर शेख (38) 30 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निजामी होटल के सामने कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और ‘बोरी से जुड़ी जानकारी’ होने के शक में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया।
हमले में पीड़ित के दोनों हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि सिर, पीठ और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन और अन्य सामान भी गायब हो गया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत मुंबई के नायर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस मामले में पुलिस ने कबरूद्दीन सिद्दीकी, अफसार सिद्दीकी,इमरान अंसारी, शहनवाज सिद्दीकी और आलम शेख (पूरा नाम अज्ञात) के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेश चोपड़े कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि कुछ आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में भी शामिल हैं, जिससे लोगों में और अधिक भय का माहौल है।

