भिवंडी में नशे और गुटखा कारोबार के खिलाफ एनसीपी (अजित गुट) का प्रदर्शन

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर में बढ़ते नशे, गुटखा और कथित अवैध जुआ कारोबार के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के शहर अध्यक्ष प्रवीण पाटिल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर नशे जैसी सामग्री और गुटखा जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान प्रवीण पाटिल ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से भिवंडी को “नशे का हब” बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों और शहरों से बड़े पैमाने पर ड्रग्स और कोकीन लाकर गोदामों में जमा किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में स्थानीय विधायक ने विधानसभा में गुटखा और जुआ अड्डों का मुद्दा उठाया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद केवल लगभग 15 दिनों तक ही गुटखा बिक्री पर रोक दिखाई दी और अब फिर खुलेआम इसका कारोबार शुरू हो गया है। साथ ही, कथित रूप से जुआ क्लब भी धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।

प्रवीण पाटिल ने राहनाल क्षेत्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हालिया कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि एक गोदाम से करीब 1700 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स बरामद होना इस बात का प्रमाण है कि बाहरी तत्व भिवंडी को नशे के कारोबार का केंद्र बना रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी गतिविधि के बावजूद स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के विभिन्न इलाकों में गांजा, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों की गुप्त बिक्री हो रही है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है और शहर की छवि भी धूमिल हो रही है।

पार्टी ने मांग की है कि भिवंडी में नशा, गुटखा और जुआ के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *