अब्दुल गनी खान
भिवंडी : शहर के बाबला कंपाउंड, अमजदिया रोड स्थित एक गिफ्ट बनाने वाली यूनिट में गुरुवार देर शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यूनिट में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक आग इमारत की दूसरी मंजिल पर बने पतरे के शेड वाली यूनिट में लगी। आग लगते ही आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दमकल विभाग की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं, जिसके चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यूनिट में गिफ्ट बनाने का काम किया जाता था और अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

