भिवंडी में निर्माणाधीन इमारत पर बड़ा हादसा, चौथी मंजिल से गिरे प्लाईवुड से मजदूर की मौत

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी के टेमघरपाड़ा इलाके में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत पर काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चौथी मंजिल पर शटरिंग का काम करते समय प्लाईवुड की भारी चादर नीचे खड़े एक मजदूर के सिर पर गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मजदूरों में भारी नाराजगी फैल गई और उन्होंने ठेकेदार व बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार अरिहंत सिटी फेज-2 के पास एक बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार शाम स्लैब सेंटरिंग का काम जारी था। इसी दौरान चौथी मंजिल से प्लाईवुड की बड़ी चादर अचानक नीचे गिर गई। वहां मौजूद 25 वर्षीय प्रवासी मजदूर फुलसर हारून शेख उसके चपेट में आ गया। मृतक मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्लाईवुड सीधे मजदूर के सिर पर गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूर उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूर आईजीएम उप-जिला अस्पताल के बाहर जमा हो गए और ठेकेदार व बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि ऊपरी मंजिलों पर जोखिम भरा काम चल रहा था, लेकिन सुरक्षा जाल नहीं लगाए गए थे और कई मजदूर बिना हेलमेट व सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे थे।

मजदूरों ने हादसे के लिए निर्माण कंपनी और ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं भिवंडी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इस संबंध में किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *