महिला की हत्या का खुलासा, प्रेम संबंधों के विवाद में आरोपी गिरफ्तार

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी शहर पुलिस और गुन्हे शाखा घटक-2 भिवंडी ने एक महिला की हत्या के मामले का कौशलपूर्ण जांच के जरिए खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रेम संबंधों में विवाद के चलते महिला की हत्या कर शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की दोपहर से 12 जुलाई 2026 की दोपहर के बीच आरोपी द्वारिकाप्रसाद गिरिधारीप्रसाद वर्मा ने मृतका सरितादेवी विकास महतो को अपने कमरे पर बुलाया था। बताया गया कि आरोपी महिला से प्रेम संबंध रखना चाहता था और फोन पर बातचीत नहीं करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी ने कथित रूप से महिला की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने रात होने का इंतजार किया और 12 जुलाई की तड़के करीब 2:30 बजे महिला के शव को प्लास्टिक के पोते में भरकर पद्मानगर स्थित दुर्गा प्रसाद होटल के पास मैदान में ले गया। वहां कपड़े के धागों की मदद से शव को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई।

इस मामले में भिवंडी शहर पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही गुन्हे शाखा घटक-2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शितल राऊत और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती दौर में कोई प्रत्यक्ष सबूत नहीं मिलने के बावजूद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास स्थित पावरलूम कारखानों और मजदूर बस्तियों में पूछताछ की। गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह जिले का रहने वाला है और फिलहाल भिवंडी के पद्मानगर इलाके में रह रहा था।

यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त डॉ. पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव तथा सहायक पुलिस आयुक्त शेखर वागडे के मार्गदर्शन में गुन्हे शाखा घटक-2 की टीम ने अंजाम दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *