बेहतर सफाई करने वाले ठेकेदार को 1 लाख रुपये इनाम की घोषणा, तालाब परिसर को सुंदर गार्डन के रूप में विकसित करने की तैयारी
अब्दुल गनी खान
भिवंडी : मानसून पूर्व शहर में चल रहे नाला सफाई अभियान का शनिवार को भिवंडी के महापौर नारायण रतन चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों में दौरा कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सफाई कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर सफाई कार्य करने वाले ठेकेदार को नकद 1 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी की।

महापौर ने रतन टॉकीज, भंडारी परिसर, काकूबाई चाल, दरगाह दीवान शाह नगर, देव नगर, कारिवली समेत कई इलाकों में चल रहे नाला सफाई कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की प्रभावी सफाई पूरी होना जरूरी है, ताकि शहरवासियों को जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं से राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

दीवान शाह तालाब एवं दरगाह परिसर के दौरे के दौरान महापौर ने क्षेत्र की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर जोर देते हुए कहा कि तालाब परिसर को आकर्षक एवं स्वच्छ गार्डन के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत नागरिकों के बैठने और बेहतर वातावरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाला सफाई में लगे मजदूरों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को गम बूट और हाथों के लिए दस्ताने उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। हालांकि मजदूरों ने कुछ स्थानों पर अत्यधिक फिसलन के कारण सुरक्षा उपकरणों के उपयोग में आने वाली दिक्कतों की जानकारी भी दी।

मनपा के आरोग्य एवं स्वच्छता विभाग द्वारा विभिन्न प्रभाग समितियों में करोड़ों रुपये के ठेके जारी किए गए हैं। प्रभाग समिति क्रमांक-01 और 03 में नाला सफाई का कार्य मैसर्स सुजित बालासाहेब खरात कंपनी को सौंपा गया है, जबकि प्रभाग समिति क्रमांक-02 और 05 का कार्य चंडिका कन्स्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। वहीं प्रभाग समिति क्रमांक-04 तथा मुख्य सड़कों के नालों की सफाई के लिए अलग-अलग कंपनियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी बीच मनपा के आंकड़ों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। वर्ष 2025 में 135 नालों की सफाई पर 2.27 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में नालों की संख्या बढ़ाकर 235 कर दी गई और खर्च 2.44 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया। ऐसे में अतिरिक्त नालों की संख्या को लेकर शहर में चर्चा शुरू हो गई है।
इस अवसर पर आरोग्य एवं स्वच्छता अधिकारी फैसल तातली, जे.एम. सोनवणे, वार्ड अधिकारी अरविंद घुगरे सहित अन्य मनपा अधिकारी मौजूद रहे। वहीं वार्ड क्रमांक 19 के सामाजिक कार्यकर्ता इरफान हदीस अंसारी, वार्ड क्रमांक 7 के नगर सेवक वसीम अंसारी तथा शकील पापा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान की सराहना की। स्थानीय नागरिकों ने नाला सफाई और तालाब सौंदर्यीकरण की पहल का स्वागत किया है।

