भिवंडी तालुका पुलिस ने आरोपी को दबोचा
मुंबई के कुर्ला-पवई इलाके से मासूम को सकुशल बरामद, आरोपी पर पॉक्सो सहित गंभीर धाराएं दर्ज
भिवंडी : भिवंडी तालुका पुलिस ने एक 5 वर्षीय मासूम के अपहरण मामले का महज 5 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को मुंबई के पवई इलाके से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सावंदे गांव स्थित विलास पाटील चॉल में रहने वाले अंकुर पासवान का 5 वर्षीय बेटा अंश 14 मई को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने भिवंडी तालुका पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हर्षवर्धन बारवे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। वहीं, स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप गीते के मार्गदर्शन में भी समानांतर जांच शुरू की गई।
तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ठाणे शहर और मुंबई पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। कल्याण, मुंब्रा, ठाणे और पवई समेत कई इलाकों में तलाश के बाद पुलिस को बच्चा पवई के खैरानीपाड़ा इलाके की एक खोली में मिला। वहां आरोपी इकबाल गुड्ड अंसारी बच्चे को अपने कब्जे में रखे हुए था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और बच्चे को सुरक्षित भिवंडी लाकर परिजनों को सौंप दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मासूम के साथ अमानवीय व्यवहार किया था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ अपहरण के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
महज 5 घंटे में बच्चे की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भिवंडी तालुका पुलिस की कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

