भिवंडी में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र घोटाले पर फिर गरमाई सियासत, 400 फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र रद्द होंगे: किरीट सोमैया

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भिवंडी नगर निगम के जन्म-मृत्यु पंजीकरण विभाग में कथित फर्जीवाड़े का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। भाजपा के पूर्व सांसद Kirit Somaiya ने दावा किया है कि शहर में जारी किए गए करीब 400 मृत्यु प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं, जिन्हें जल्द रद्द किया जाएगा।

सोमवार को भिवंडी मुख्यालय पहुंचे किरीट सोमैया ने जन्म-मृत्यु विभाग के कामकाज का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विधायक Mahesh Choughule, भाजपा शहर अध्यक्ष रवि सावंत, गुटनेता संतोष शेट्टी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद सोमैया ने आरोप लगाया कि भिवंडी मनपा क्षेत्र में जन्म-मृत्यु पंजीकरण के लिए एक साथ दो सिस्टम संचालित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि बंद किए जा चुके पुराने सिस्टम के साथ नया सिस्टम भी चालू रखा गया है, जबकि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि “सुधार” के नाम पर पिछले दस महीनों में करीब 1500 प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। इसी दौरान जारी किए गए 400 मृत्यु प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए गए हैं। मामले को लेकर उन्होंने मनपा आयुक्त अनमोल सागर से शिकायत की, जिस पर आयुक्त ने जांच कर एक महीने के भीतर रिपोर्ट देने का आश्वासन दिया है।

सोमैया ने दावा किया कि महाराष्ट्र में पिछले तीन वर्षों से चल रहे अभियान के तहत बीते दस महीनों में करीब 3 लाख फर्जी जन्म प्रमाणपत्र रद्द किए गए हैं। साथ ही 55 से अधिक स्थानों पर मामले दर्ज किए गए हैं और 42 शहरों में करीब 10 हजार लोगों को आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *