उल्हासनगर में नाले में पानी डालने को लेकर पड़ोसियों में मारपीट, CCTV में कैद हुई घटना

ठाणे

आदिल नोमानी

उल्हासनगर : उल्हासनगर के कैंप नंबर-2 इलाके में घर के सामने स्थित नाले में पानी डालने की मामूली बात को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक दंपति के साथ कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की गई। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कैंप नंबर-2 परिसर में रहने वाले दो पड़ोसी परिवारों के बीच पहले से ही छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद चलता आ रहा था। गुरुवार शाम घर की सफाई के बाद पोछा लगाने का पानी सामने के नाले में डाला गया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ धक्का-मुक्की होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के कुछ लोगों ने दंपति के साथ मारपीट की। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

मारपीट की यह पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *