सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में मिला सांप, सुरक्षित रेस्क्यू

मुंबई

आदिल नोमानी

मुंबई : सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट परिसर में मंगलवार शाम एक सांप मिलने से कुछ समय के लिए हलचल मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सर्पमित्र की मदद से सांप को सुरक्षित पकड़कर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे गैलेक्सी अपार्टमेंट परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल मनोज कट्टे को पार्किंग क्षेत्र के पास एक सांप दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत सर्पमित्र विक्की दुबे को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही सर्पमित्र विक्की दुबे मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सांप पार्किंग एरिया में शटर के अंदर घुस गया था, जिसके बाद काफी सावधानी के साथ उसका रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

जांच में पता चला कि यह करीब 5 फीट लंबा धामण प्रजाति का गैर विषैला सांप था। सर्पमित्र ने बिना किसी नुकसान के सांप को सुरक्षित पकड़ा और बाद में उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

घटना की जानकारी बांद्रा पश्चिम पुलिस स्टेशन में डायरी एंट्री के जरिए दर्ज कराई गई। साथ ही वन विभाग कंट्रोल रूम को भी इसकी सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *