बारिश से पहले सड़कों के गड्ढे भरने और नालों की सफाई की मांग, सपा ने महापौर को सौंपा ज्ञापन

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी : समाजवादी पार्टी के भिवंडी जिला अध्यक्ष अनस अंसारी ने बारिश से पहले शहर की खराब सड़कों, नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर महापौर नारायण चौधरी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि समय रहते काम नहीं हुआ तो मानसून में नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

ज्ञापन में बताया गया है कि भिवंडी के पुराना आगरा रोड, साई बाबा से कल्याण रोड, कल्याण नाका से अंजूरफाटा रोड, बंजारपट्टी से चाविंद्रा रोड, बंजारपट्टी नाका से शिवाजी चौक, तीन बत्ती, दीवान शाह रोड और दरगाह रोड समेत कई इलाकों की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी बढ़ जाती है।

सपा नेताओं का कहना है कि सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय वाहनों के गुजरने पर कीचड़ लोगों पर उड़ता है, जिससे नागरिकों में नाराजगी है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शहर के फ्लाईओवर ब्रिज पर जल निकासी के लिए लगाए गए कई पाइप टूट चुके हैं। इन्हें बारिश से पहले तत्काल ठीक कराया जाए ताकि गंदा पानी सड़क पर न फैले और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके अलावा शहर के सभी नालों और गटरों की सफाई कराने, टूटे हुए गटरों की मरम्मत करने और कचरा हटाने की भी मांग की गई है। सपा ने मनपा प्रशासन से मानसून पूर्व आवश्यक कार्य जल्द शुरू करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *