भिवंडी में पाइपलाइन में छेद कर लिए गए 45 अवैध नल कनेक्शन, तीन पर केस दर्ज

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी : भिवंडी में पानी चोरी के खिलाफ मनपा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 अवैध नल कनेक्शनों को काट दिया है। आरोप है कि बिना अनुमति मुख्य पाइपलाइन में छेद कर ये कनेक्शन लिए गए थे, जिससे मनपा को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। मामले में एक प्लंबर समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मनपा जलापूर्ति विभाग इन दिनों पानी चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। संदीप पटनावर के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम गठित की गई है, जबकि टीम की जिम्मेदारी क्लर्क विराज भोईर को सौंपी गई है।


जलापूर्ति विभाग की टीम सौदागर मोहल्ला इलाके में हिंदुस्तानी मस्जिद से जुमा मस्जिद तक पाइपलाइन की जांच कर रही थी। इसी दौरान अधिकारियों को पता चला कि मुख्य पानी की पाइपलाइन में छेद कर अवैध रूप से आधा इंच के 45 पाइप जोड़ दिए गए हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह अवैध कनेक्शन निर्माणाधीन आरसीसी सड़क कार्य की आड़ में किए गए थे। विभाग का दावा है कि इस वजह से मनपा को करीब 1 लाख 35 हजार 500 रुपये का नुकसान हुआ है। कार्रवाई के दौरान सभी अवैध कनेक्शन तत्काल हटाकर खंडित कर दिए गए।

मामले में भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में नसीम अख्तर अंसारी उर्फ चुन्नू प्लंबर, समीर मोहम्मद यूसुफ मोमिन और शब्बार खतीब के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया है।

मनपा अधिकारियों का कहना है कि महापौर नारायण चौधरी और मनपा आयुक्त अनमोल सागर के निर्देश पर शहरभर में अवैध नल कनेक्शनों की जांच अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने साफ किया कि पानी चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *