अब्दुल गनी खान
भिवंडी : भिवंडी में अवैध रूप से चल रहे हुक्का पार्लरों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। भिवंडी शहर पुलिस ने नारायण कंपाउंड इलाके में छापा मारकर एक अवैध हुक्का पार्लर का भंडाफोड़ किया। इस दौरान पुलिस ने हुक्का पी रहे पांच युवकों को पकड़ा और मौके से हुक्का सामग्री भी जब्त की। हालांकि शहर के कई हिस्सों में अब भी खुलेआम हुक्का पार्लर संचालित होने की चर्चा है।
पुलिस के अनुसार, शिव मंदिर गली स्थित शबीर शेख के गाले में अवैध रूप से हुक्का पार्लर चलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद 17 मई की रात करीब 1:30 बजे पुलिस ने वहां छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौजूद युवक तंबाकू मिश्रित फ्लेवर वाला हुक्का पीते पाए गए।
मामले में साहिल कलीम खान, सिद्धू पप्पू भारती, निसार अख्तर मन्यार, नितेश विजय भारती और इकबाल अजगरअली अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सलीम मलबारी नामक व्यक्ति बिना अनुमति के हुक्का पार्लर चला रहा था और काउंटर पर मौजूद साहिल खान ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध करा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 6,400 रुपये मूल्य का हुक्का सामान जब्त किया। भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन ने एनडीपीएस एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपियों को कानूनी नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। मामले की जांच पुलिस हवलदार शशिकांत खाडे कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में धड़ल्ले से हुक्का पार्लर संचालित हो रहे हैं। लोगों ने सभी अवैध हुक्का पार्लरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

