भिवंडी में बिना लाइसेंस बेची जा रही थीं नशीली सिरप की बोतलें, आरोपी गिरफ्तार

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी : भिवंडी में अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप की बोतलें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, भिवंडी शहर पुलिस को सूचना मिली थी कि समद नगर इलाके में एक व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के नशीली सिरप बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने समद मोहल्ला स्थित एक दुकान के पास छापेमारी की।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 55 वर्षीय मेहमूद इस्माईल शेख को हिरासत में लिया। आरोपी समद नगर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 23 हजार 490 रुपये कीमत की नशीली सिरप की बोतलें बरामद की गईं।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना ड्रग लाइसेंस के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और भंडारण कर रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में सिरप की बोतलें जब्त कर लीं।

यह कार्रवाई 18 मई की रात की गई। मामले में भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *