बकरीद पर कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीसीपी शशिकांत बोराटे

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी : भिवंडी में आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पुलिस उपायुक्त कार्यालय में पुलिस अधिकारियों, पीस कमेटी के सदस्यों, मस्जिद ट्रस्टियों और मौलानाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में शशिकांत बोराटे ने स्पष्ट कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बकरीद पर कुर्बानी अदालत और राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही की जानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।

बैठक में जानवरों के बाजार, कुर्बानी केंद्रों की व्यवस्था, साफ-सफाई, पानी और बिजली आपूर्ति, कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के निस्तारण, कीटनाशक छिड़काव और कुर्बानी स्थलों पर CCTV कैमरे लगाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे।

इस दौरान डॉ. विजय मराठे, मनपा अधिकारी, टोरेंट पावर के कर्मचारी तथा विभिन्न पुलिस स्टेशनों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

डीसीपी बोराटे ने लोगों से भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी समुदाय एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करें और शांति बनाए रखें। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान शहर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त रहेगा और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि झूठी या भड़काऊ पोस्ट फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *