चाविंद्रा में अवैध मिट्टी भराव का बड़ा खेल? करोड़ों की रॉयल्टी चोरी के आरोप से मचा हड़कंप

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी : भिवंडी के चाविंद्रा स्थित बागे युसूफ इलाके में कथित अवैध मिट्टी और पत्थर भराव का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। निर्माण कार्य की आड़ में बिना अनुमति बड़े पैमाने पर मिट्टी और पत्थरों का उपयोग किए जाने तथा शासन की करोड़ों रुपये की रॉयल्टी चोरी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।

सूत्रों के अनुसार, इलाके में प्रस्तावित 100 फीट चौड़े आरसीसी रोड और बहुमंजिला इमारतों के निर्माण के लिए भारी मात्रा में मिट्टी व पत्थरों का भराव किया गया। आरोप है कि यह पूरा काम नियमों को ताक पर रखकर किया गया और संबंधित विभागों से आवश्यक मंजूरी तथा रॉयल्टी भुगतान की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। इस प्रकरण में मेसर्स भिवंडीवाला और कुबा बिल्डर्स का नाम चर्चा में है।

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के नाम पर बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और भराव किया गया, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से रॉयल्टी भुगतान और अनुमति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। इससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिजीत खोले ने इस शिकायत को “अति तात्कालिक” श्रेणी में दर्ज कर संबंधित विभागों से तत्काल रिपोर्ट मांगी है। जानकारी के मुताबिक तहसील प्रशासन ने निर्माण स्थल और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित बिल्डर्स और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ राजस्व तथा पर्यावरण कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

इधर, इस मुद्दे ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है। विपक्षी समूहों ने आरोप लगाया है कि प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई, जबकि प्रशासन ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया है।

अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी कि यह केवल आरोप हैं या फिर वास्तव में करोड़ों की रॉयल्टी चोरी का बड़ा खेल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *