46.50 लाख का माल बरामद, 8 आरोपियों पर केस दर्ज
अब्दुल गनी खान | ठाणे
ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट-1 और शिधावाटप विभाग की संयुक्त टीम ने मुंबई-नाशिक महामार्ग पर खारेगांव टोल नाके के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य तेल के नाम पर अवैध रूप से डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ की तस्करी कर रहे एक टैंकर को जब्त किया है। कार्रवाई में करीब 46.50 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। मामले में मुख्य आरोपी चालक समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ Kalwa Police Station में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टैंकर में अवैध रूप से डीजल जैसी सामग्री भरकर मुंबई से नाशिक की ओर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर खारेगांव टोल नाके के पास मुंब्रा बायपास रोड पर जाल बिछाकर संदिग्ध टैंकर (MH-46-BB-7134) को रोका गया। जांच में सामने आया कि टैंकर पर लोगों को गुमराह करने के लिए ‘एडिबल ऑयल’ लिखा गया था।
तलाशी के दौरान टैंकर के पांच कम्पार्टमेंट से करीब 25 हजार लीटर डीजल सदृश ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ। चालक के पास परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज, परमिट या बिल नहीं मिले। इसके बाद शिधावाटप विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया।
संयुक्त जांच में 24.50 लाख रुपये कीमत का पेट्रोलियम पदार्थ और करीब 22 लाख रुपये कीमत का टैंकर जब्त किया गया। अधिकारियों ने रासायनिक परीक्षण के लिए नमूने भी एकत्र किए हैं।
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी विरार खाड़ी क्षेत्र से बोट के जरिए डीजल लाकर टैंकर में भरते थे और उसे नाशिक की ओर भेजने की तैयारी थी। बिना सुरक्षा मानकों और वैध अनुमति के ज्वलनशील पदार्थ की ढुलाई कर नागरिकों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है।
मामले में मुख्य आरोपी चालक Dharminder Kumar Shyamlal Patel को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं टैंकर मालिक Ritesh Abhay Narayan Singh समेत Roshan Shirodkar, Nitin Koli, Raju Pandit, Deepak Pawar, Sagar Patil और Anil Surat के नाम भी जांच में सामने आए हैं।
Subhash Ramnath Thumbre की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, मोटर स्पिरिट एंड हाई स्पीड डीजल ऑर्डर 2005 और बायोडीजल नीति 2021 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक Ashok Ravji Utekar कर रहे हैं।
इस कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी Dr. Shrikrishna Panchal और जिला आपूर्ति अधिकारी Sarjerao Maske-Patil ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में डीजल और अन्य ईंधनों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। लोग किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अतिरिक्त ईंधन जमा करने से बचें।
प्रशासन ने साफ कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध ढुलाई और तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

