मानसून से पहले नाला सफाई पर भड़के प्रभाग समिति-2 चेयरमैन ज़ाकिर मिर्जा

भिवंडी

“अधिकारी एसी में बैठे हैं, 40 फीसदी भी सफाई नहीं हुई”

बारिश में हालात बिगड़े तो मनपा होगी जिम्मेदार : ज़ाकिर मिर्जा

अब्दुल गनी खान भिवंडी
मानसून नजदीक आते ही भिवंडी महानगर पालिका क्षेत्र में नाला सफाई के कार्यों को लेकर राजनीति गरमा गई है। प्रभाग समिति-2 के चेयरमैन ज़ाकिर मिर्जा ने रविवार को विभिन्न नालों का दौरा कर सफाई कार्यों का जायजा लिया और मनपा प्रशासन की कार्यशैली पर जमकर नाराजगी जताई।

दौरे के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि मनपा के उच्च अधिकारी एसी कार्यालयों में बैठकर केवल कागजी काम कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर नाला सफाई का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि निजी कंपनी को करोड़ों रुपये का टेंडर देने के बावजूद अब तक 40 प्रतिशत भी सफाई कार्य पूरा नहीं हो सका है।

चेयरमैन ज़ाकिर मिर्जा ने विशेष रूप से बृहन्मुंबई महानगर पालिका पाइपलाइन क्षेत्र से गुजरने वाले बड़े नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते नालों की सफाई नहीं की गई तो मानसून में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न होगी, जिससे आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि बारिश सिर पर खड़ी है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है। नालों में बड़ी मात्रा में गाद और कचरा जमा है, जिससे पानी निकासी बाधित हो सकती है।

ज़ाकिर मिर्जा ने मनपा प्रशासन से तत्काल युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या जलभराव की स्थिति के लिए सीधे तौर पर महानगर पालिका जिम्मेदार होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *