कांग्रेस सेक्युलर विचारधारा की पार्टी, सभी समाज को साथ लेकर संगठन मजबूत करेंगे : आबिद खान मनसब ।।

भिवंडी

भिवंडी शहर कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष ने दरगाह दीवान शाह पर चादर पेश कर मांगी अमन, भाईचारे और तरक्की की दुआ ।।

अब्दुल गनी खान
भिवंडी ।। भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष आबिद खान मनसब ने पदभार संभालने के बाद पहली बार अपने समर्थकों और कांग्रेस यूथ कमेटी के साथ प्रसिद्ध दरगाह दीवान शाह पहुंचकर चादर पेश की तथा शहर में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। दरगाह परिसर में उनका जोरदार स्वागत किया गया, वहीं कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए आबिद खान मनसब ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक सेक्युलर और संविधान में विश्वास रखने वाली पार्टी है, जहां धर्म और जातिवाद की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि देश, राज्य और भिवंडी शहर में सेक्युलर विचारधारा को मानने वाले लोगों को साथ लेकर एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष होने के नाते वह सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर कांग्रेस को मजबूत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भिवंडी को पहले से ही महागठबंधन का समर्थन प्राप्त है, क्योंकि यहां के सांसद और विधायक महागठबंधन से हैं तथा आने वाले समय में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भी महागठबंधन का विधायक बनाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भिवंडी कांग्रेस में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और पिछले पांच वर्षों से सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर पार्टी को मजबूत किया है, जिसके चलते महागठबंधन का सांसद चुनकर आया। हालांकि पश्चिम विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवार की हार को लेकर उन्होंने कहा कि टिकट वितरण को लेकर कुछ नाराजगी जरूर थी, क्योंकि स्थानीय नेता को अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में पार्टी नेतृत्व के समक्ष यह मांग रखी जाएगी कि स्थानीय और खासकर युवा कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अवसर मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि मजबूत और स्थानीय उम्मीदवारों को मौका मिलेगा तो पश्चिम क्षेत्र के सेक्युलर मतदाता निश्चित रूप से कांग्रेस का समर्थन करेंगे।
आबिद खान मनसब ने कहा कि यह पहली बार है जब जमीनी स्तर पर लंबे समय से कार्य कर रहे एक नेता को शहर अध्यक्ष बनाया गया है, जो यूथ कांग्रेस से लेकर कांग्रेस की विभिन्न इकाइयों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिवंडी अल्पसंख्यक बहुल शहर माना जाता है और ऐसे में संगठन से जुड़े कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिलना पार्टी की समावेशी सोच को दर्शाता है। इस दौरान वरिष्ठ नेता आसिफ खान, अरफात खान, इब्राहिम मलबारी, यूथ सदस्य आमिर फारूकी, हिसामुद्दीन खान, समीर सय्यद और अमरेश भोईर, आजम खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहर में शांति, खुशहाली और सौहार्द बनाए रखने की दुआ मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *