भिवंडी में बकरीद पर पहले दिन 5891 पशुओं की हुई कुर्बानी,मनपा ने वसूले 11.70 लाख रुपये शुल्क

भिवंडी

कुर्बानी केंद्रों पर सफाई और दवा छिड़काव के साथ ही पानी विशेष व्यवस्था


भिवंडी शहर में बुधवार को ईद अल-अजहा यानी बकरीद पर बनाए गए अस्थाई कुर्बानी सेंटरों पहले दिन शहर के पांच प्रभाग समितियों में कुल 5891 पशुओं की कुर्बानी दी गई। इसके एवज में मनपा प्रशासन ने निर्धारित शुल्क के रूप में कुल 11 लाख 70 हजार 400 रुपये की वसूली की।
भिवंडी मनपा जनसंपर्क विभाग के अनुसार, बकरीद पर सबसे अधिक कुर्बानी प्रभाग समिति क्रमांक 1 में दर्ज की गई।जहां 1998 पशुओं की कुर्बानी हुई, जिससे मनपा को 3 लाख 95 हजार 100 रुपये की आय प्राप्त हुई। प्रभाग समिति क्रमांक 2 में 1236 पशुओं की कुर्बानी हुई, जिससे 2 लाख 46 हजार 600 रुपये की वसूली हुई।जबकि प्रभाग समिति क्रमांक 3 में 327 पशुओं की कुर्बानी दर्ज की गई और यहां से 65 हजार 250 रुपये की शुल्क वसूली हुई। वहीं प्रभाग समिति क्रमांक 4 दूसरे स्थान पर रही, जहां 1332 पशुओं की कुर्बानी दी गई और 2 लाख 64 हजार 450 रुपये शुल्क के रूप में जमा हुए।
प्रभाग समिति क्रमांक 5 में 998 पशुओं की कुर्बानी के बदले 1 लाख 99 हजार रुपये शुल्क जमा हुए। शहर में बकरीद पर कुर्बानी के लिए 58 अस्थाई कुर्बानी सेंटर बनाया है।जहां पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पशुओं की कुर्बानी दी।
सभी अस्थायी कुर्बानी केंद्रों की धुलाई के लिए पानी से धुलाई,साफ सफाई और औषधि छिड़काव की विशेष व्यवस्था की गई थी। स्वच्छता विभाग की टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया था, ताकि कुर्बानी के बाद तुरंत सफाई की जा सके। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर रही। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। यहां बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *