FDA की बड़ी कार्रवाई: 11 लाख के आम और 4.74 लाख का गुटखा जब्त, 37 गिरफ्तार

मुंबई

नवी मुंबई एपीएमसी समेत कई इलाकों में छापेमारी, 31 प्रतिष्ठान सील


अब्दुल गनी खान
ठाणे: आम के मौसम में फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने और प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला बेचने वालों के खिलाफ अन्न एवं औषध प्रशासन (FDA) ने ठाणे जिले में बड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों तक चली विशेष अभियान में अधिकारियों ने 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आम और 4.74 लाख रुपये का गुटखा एवं तंबाकू उत्पाद जब्त किए हैं। इस दौरान 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 31 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे के मार्गदर्शन में 30 और 31 मई को नवी मुंबई के एपीएमसी मार्केट सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अचानक छापेमारी की गई। जांच के दौरान तीन बड़े प्रतिष्ठानों में आमों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए नियमों के विरुद्ध इथिलीन स्प्रे का सीधे इस्तेमाल किया जाता पाया गया।

अधिकारियों ने इन स्थानों से 3,453 किलो आम जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 11 लाख 12 हजार 850 रुपये बताई गई है। जब्त किए गए आमों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नियमों का उल्लंघन कर पकाए जा रहे थे आम

FDA अधिकारियों के अनुसार, FSSAI के नियमों के तहत फलों पर सीधे इथिलीन स्प्रे का उपयोग प्रतिबंधित है। आमों को पकाने के लिए केवल अधिकृत इथिलीन गैस चैंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। छापेमारी में कई व्यापारी नियमों का उल्लंघन करते हुए सीधे फलों पर स्प्रे करते पाए गए। हालांकि जांच में कहीं भी कैल्शियम कार्बाइड जैसे घातक रसायन के इस्तेमाल के प्रमाण नहीं मिले।

गुटखा और तंबाकू के खिलाफ भी चला अभियान

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 29 से 31 मई के बीच FDA ने गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 36 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 4 लाख 74 हजार 407 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया।

प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री में शामिल विक्रेताओं के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अब तक 37 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 31 प्रतिष्ठानों को तत्काल सील कर दिया गया है।

        आगे भी जारी रहेगा अभियान

कोकण विभाग के सह आयुक्त (अन्न) पराग नलावडे ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की खाद्य मिलावट या प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री की जानकारी मिलने पर नागरिक प्रशासन को सूचित करें।

       शिकायत के लिए हेल्पलाइन

FDA ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-222-365 जारी किया है। इसके अलावा नागरिक लिखित शिकायत भी अन्न एवं औषध प्रशासन, वागळे एस्टेट, ठाणे स्थित कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।

FDA की इस कार्रवाई को ठाणे जिले में खाद्य सुरक्षा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *