कल्याण रोड पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से ऑटो रिक्शा चकनाचूर, मां-बेटे समेत दो घायल

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शहर के व्यस्त कल्याण रोड पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, म्हाडा कॉलोनी निवासी ऑटो चालक इमरान अहमद नेहाल अहमद अंसारी अपने रिक्शा (एमएच-04-एमटी-0858) में यात्रियों को लेकर कल्याण से भिवंडी की ओर आ रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही वह आनंद होटल के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे ट्रक (एमएच-43-सीक्यू-6191) ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का पिछला हिस्सा, बंपर, बॉडी और मडगार्ड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में शांतिनगर निवासी अब्दुल करीम (37) के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जबकि ऑटो चालक की मां सफिया अंसारी के गाल और घुटने पर गंभीर अंदरूनी चोटें बताई गई हैं। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर भिवंडी शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन विवरण के आधार पर फरार ट्रक चालक की पहचान की जा रही है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विजय कडाले कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *