आदिल नोमानी
धुले/चिंचवार: धुले तालुका के चिंचवार गांव में एक 20 वर्षीय युवक की आत्महत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि कंपनी की प्रताड़ना और तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण युवक ने यह कदम उठाया।
मृतक की पहचान गोपाल रवींद्र माली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने रात के समय कंपनी के पास स्थित खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक का शव कंपनी के मुख्य गेट के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
सूचना मिलने पर सोनगीर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। करीब दो घंटे चली बातचीत और कंपनी अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और तानाशाही रवैया अपनाया जाता है, जिससे युवक मानसिक रूप से परेशान था। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

