अब्दुल गनी खान
भिवंडी: देशभर में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से राज्यव्यापी आंदोलन के तहत भिवंडी में जनप्रबोध मोर्चा निकाला गया। यह मोर्चा ठाणे जिला ग्रामीण कांग्रेस के महासचिव पंकज अशोक गायकवाड़ के नेतृत्व में शेलार क्षेत्र से प्रांत कार्यालय तक निकाला गया।

मोर्चे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों का विरोध जताया। इस आंदोलन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

मोर्चा समाप्त होने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपविभागीय अधिकारी कार्यालय के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए 35 प्रतिशत वैट को घटाकर 5 प्रतिशत करने तथा घरेलू गैस पर लगाए गए 22 प्रतिशत वैट में कमी करने की मांग की गई है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ रहा है, जिससे खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
ठाणे जिला ग्रामीण कांग्रेस के महासचिव पंकज गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की कर नीति के कारण महंगाई बेकाबू होती जा रही है और आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल कर दरों में कटौती कर जनता को राहत दे।
वहीं भिवंडी शहर कांग्रेस अध्यक्ष आबिद मुंसब ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, मजदूर और गरीब तबके पर पड़ रहा है। रसोई गैस से लेकर खाद्य पदार्थों तक हर जरूरी चीज महंगी हो चुकी है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक आंदोलन को और तेज करेगी।

