अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भिवंडी महानगरपालिका के प्रभाग समिति क्रमांक-2 अंतर्गत नारायण कंपाउंड क्षेत्र में एक चार मंजिला इमारत का कथित रूप से अवैध निर्माण जोरों पर जारी है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मनपा अधिकारियों की चेतावनी और शिकायतों के बावजूद बिल्डर निर्माण कार्य बंद करने को तैयार नहीं है।

जानकारी के अनुसार, मुन्ना बिहारी नामक बिल्डर द्वारा सुपर होटल के पीछे, गणेश मंदिर के समीप स्थित नारायण कंपाउंड में चार मंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि इमारत का ड्रेनेज और गंदा पानी सीधे सार्वजनिक गटर में छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास के रहवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

बताया जाता है कि इस मामले की शिकायत प्रभाग समिति-2 के चेयरमैन ज़ाकिर मिर्जा द्वारा संबंधित मनपा अधिकारियों से की जा चुकी है। अधिकारियों ने भी निर्माणकर्ता को नियमों का पालन करने और अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में गंदगी, जलभराव और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने सवाल उठाया है कि जब शिकायतें हो चुकी हैं और अधिकारियों को मामले की जानकारी है, तो फिर अवैध निर्माण पर रोक क्यों नहीं लगाई जा रही।
नागरिकों ने भिवंडी महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि अवैध निर्माण के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए।

