सगाई से नाराज पूर्व पति का हंगामा, युवती व परिजनों पर हमला, धारदार हथियार से वार का आरोप

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। शांतीनगर पुलिस थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज उसके पूर्व पति पर मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप लगे हैं। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जैतूनपुरा निवासी रिक्शा चालक अरफात अर्शद अंसारी (19) ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बहन मुब्बाशीरा कैफ अंसारी (21) की पहले सलमान अलीम अंसारी (25) से शादी हुई थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद युवती की दूसरी जगह सगाई तय कर दी गई।

आरोप है कि इसी बात से नाराज पूर्व पति सलमान अलीम अंसारी ने पहले भी कल्याण नाका क्षेत्र में युवती से विवाद किया था। बाद में उसने समझौते के बहाने मुब्बाशीरा, उसके होने वाले पति, भाई और एक अन्य व्यक्ति को गायत्रीनगर स्थित कादरिया मस्जिद के पास बुलाया।

वहां मुलाकात के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए युवती पर हमला कर दिया और थप्पड़ मारकर उसकी पिटाई की। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया।

इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा कथित तौर पर धारदार हथियार से युवती की पीठ पर वार कर उसे घायल करने का भी आरोप है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने शांतीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने सलमान अलीम अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक पुलिस उपनिरीक्षक योगेश गायकर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *