सगाई से नाराज पूर्व पति ने युवती पर किया हमला, धारदार वस्तु से घायल करने का आरोप

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भिवंडी के शांतीनगर थाना क्षेत्र में एक युवती की दूसरी जगह सगाई होने से नाराज उसके पूर्व पति द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समझौते के बहाने बुलाकर युवती के साथ मारपीट की गई और धारदार वस्तु से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जैतूनपुरा निवासी रिक्शा चालक अरफात अर्शद अंसारी (19) ने शांतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि उसकी बहन मुब्बाशीरा कैफ अंसारी (21) का विवाह पहले सलमान अलीम अंसारी (25) से हुआ था। पारिवारिक कारणों से दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद मुब्बाशीरा की दूसरी जगह सगाई तय हो गई।
आरोप है कि सगाई की जानकारी मिलने के बाद सलमान अंसारी नाराज था। इससे पहले भी उसने कल्याण नाका क्षेत्र में मुब्बाशीरा के साथ विवाद किया था। शिकायत के मुताबिक, बाद में विवाद सुलझाने के नाम पर सलमान ने मुब्बाशीरा, उसके होने वाले पति कैफ अंसारी, भाई अरफात अंसारी और रिक्शा मालिक साजिद को गायत्रीनगर स्थित कादरिया मस्जिद के पास बुलाया।

    समझौता वार्ता के दौरान हुआ विवाद

शिकायत के अनुसार, मुलाकात के दौरान सलमान अंसारी ने मुब्बाशीरा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित रूप से थप्पड़ मारकर उसकी पिटाई की। जब परिजनों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया

पीठ पर वार कर घायल करने का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद किसी धारदार वस्तु से मुब्बाशीरा की पीठ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

          पुलिस ने दर्ज किया मामला

शांतीनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर सलमान अलीम अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मामले की जांच सहायक पुलिस उपनिरीक्षक योगेश गायकर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *