मां पहले दिन गई थी काम पर, घर से निकली बच्ची नाले में मिली मृत
भिवंडी, (अब्दुल गनी खान)भिवंडी के आज़मी नगर क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक चार वर्षीय बच्ची का शव नाले में मिलने से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही भोईवाड़ा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां परिवार का पालन-पोषण करने के लिए मंगलवार को पहली बार काम पर गई थी। उस समय घर में बच्ची के पिता तथा उसके बड़े भाई-बहन मौजूद थे। बताया जाता है कि पिता और सात वर्षीय पुत्र तथा नौ वर्षीय पुत्री घर में सो रहे थे। इसी दौरान चार वर्षीय बच्ची घर से बाहर निकल गई।
कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने आज़मी नगर स्थित नाले में एक बच्ची का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भिवंडी के आईजीएम अस्पताल भेज दिया।
प्राथमिक तौर पर स्थानीय लोगों का अनुमान है कि बच्ची खेलते-खेलते नाले के पास पहुंच गई होगी और संतुलन बिगड़ने से नाले में गिर गई होगी। हालांकि, पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भोईवाड़ा पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (एडी) का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त परिमंडल-2 सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की समीक्षा की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से आज़मी नगर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय नागरिकों ने खुले और असुरक्षित नालों को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।

