कल्याण में पत्रकार के बेटे को गोली मारने का मामला: चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल

भिवंडी

अब्दुल गनी खान (ठाणे)
कल्याण पूर्व के आत्माराम नगर इलाके में गुरुवार को हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। इस हमले में एक स्थानीय पत्रकार के बेटे राहुल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, आत्माराम नगर में दो राउंड फायरिंग की गई, जिसमें राहुल वर्मा को गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर दही गैंग से जुड़े चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियारों की जांच के साथ-साथ हमले के पीछे की वजहों की भी पड़ताल कर रही है।

कल्याण के डीसीपी अतुल झेंडे ने बताया कि आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

     पुलिस कार्रवाई का वीडियो चर्चा में

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई भी चर्चा का विषय बन गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हाथों में रस्सी बांधकर उठक-बैठक करवाई गई। इस कथित कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं।

कानूनी जानकारों का कहना है कि किसी भी आरोपी को दोष सिद्ध होने से पहले सार्वजनिक रूप से अपमानित करना या दंडात्मक व्यवहार करना न्यायिक प्रक्रिया की भावना के विपरीत माना जाता है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

      गैंगवार और अपराध पर फिर बहस

फायरिंग की इस घटना ने कल्याण में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और गैंगवार की आशंकाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *