अब्दुल गनी खान
भिवंडी: आगामी गणेशोत्सव को लेकर भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर नारायण चौधरी की अध्यक्षता में मनपा मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में गणेश मंडलों की अनुमति, सड़कों की मरम्मत, ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण, विसर्जन घाटों की सुविधाओं और कृत्रिम तालाबों को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक में मनपा आयुक्त अनमोल सागर, भिवंडी पश्चिम के विधायक महेश चौघुले, भिवंडी पूर्व के विधायक रईस शेख, सार्वजनिक गणेशोत्सव महामंडल के पदाधिकारी, मनपा अधिकारियों के साथ पुलिस और टोरेंट पावर के अधिकारी मौजूद रहे।
2-3 दिन में शुरू होगी ‘एक खिड़की योजना’
सार्वजनिक गणेशोत्सव महामंडल के अध्यक्ष मदन भोई ने गणेश मंडलों को अनुमति देने के लिए ‘एक खिड़की योजना’ तत्काल शुरू करने की मांग की। उन्होंने शहर में सड़कों के गड्ढों, ट्रैफिक, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और विसर्जन घाटों की सफाई का मुद्दा भी उठाया। आयुक्त अनमोल सागर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘एक खिड़की योजना’ को 2 से 3 दिन में पूरी तरह शुरू किया जाए।
गड्ढों की मरम्मत में मैस्टिक का इस्तेमाल
विधायक महेश चौघुले ने सड़कों के गड्ढे भरने में मैस्टिक का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गड्ढों में रैबिट या मलबा डालकर खानापूर्ति न की जाए। बाजार क्षेत्र में सुबह 8 से रात 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी उन्होंने की। साथ ही मुख्य मार्गों के अलावा गलियों में भी सीसीटीवी और पुलिस बंदोबस्त बढ़ाने की बात कही।

चौघुले ने मिठाई में मिलावट रोकने के लिए दुकानदारों को पहले ही नोटिस देने, विसर्जन घाटों पर जनरेटर की व्यवस्था करने और नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।
विसर्जन मार्ग पर पेड़ों की छंटाई के निर्देश
विधायक रईस शेख ने कहा कि बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन मार्ग में बाधा बनने वाली पेड़ों की डालियों की समय पर छंटाई की जाए। उन्होंने विसर्जन मार्ग और घाटों पर शत-प्रतिशत स्ट्रीट लाइट चालू रखने की मांग की। साथ ही शहर में बनाए गए कृत्रिम तालाबों की सूची सार्वजनिक करने और विसर्जन के दिन दोपहर बाद कर्मचारियों की अनुपस्थिति की समस्या दूर करने के लिए वार्ड स्तर पर बैठकें आयोजित करने को कहा।
अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने के आदेश
आयुक्त अनमोल सागर ने अधिकारियों को सड़क पर बाधा बनने वाले ठेले, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण 2-3 दिन में हटाने के निर्देश दिए। उद्यान विभाग को खतरनाक पेड़ों की डालियां काटने, निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने और विद्युत विभाग को विसर्जन मार्गों व घाटों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
एफडीए के सहयोग से मनपा कर्मियों द्वारा मिठाई की दुकानों की जांच शुरू किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
709 मूर्तियों का पिछले साल कृत्रिम तालाबों में विसर्जन
आयुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष 709 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया गया था। इस वर्ष घरेलू गणेश प्रतिमाओं का शत-प्रतिशत विसर्जन कृत्रिम तालाबों में हो, इसके लिए गणेश मंडलों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई।
महापौर नारायण चौधरी ने सभी विभागों को बिना देरी के तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने की अपील की। साथ ही गणेश मंडलों और वार्ड अधिकारियों को युवाओं के बीच नशामुक्ति अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

