स्वामी विवेकानंद इंग्लिश हाईस्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

भिवंडी


अब्दुल गनी खान
भिवंडी। कल्याण रोड स्थित गणेश सोसायटी के स्वामी विवेकानंद इंग्लिश हाईस्कूल एवं जूनियर कॉलेज में शुक्रवार को कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

निशांत एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित इस समारोह में शांति नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़, नगरसेवक प्रशांत लाड, ज़ाकिर मिर्जा सहित विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सफल विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने छात्रों की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्राप्त सफलता भविष्य की बड़ी उपलब्धियों का आधार बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते हुए अपने परिवार, विद्यालय और शहर का नाम रोशन करने का संदेश दिया।


विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। संस्था के सचिव आर. जे. गुप्ता, सौ. पुष्पा आर. गुप्ता, निशांत आर. गुप्ता, स्कूल प्रिंसिपल एल. यू. पाल, सीमा आंबवडे, नाजरीन अंसारी, गुलाब शेख सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वक्ताओं ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों को भी सशक्त बनाना है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन मेधावी छात्रों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान कर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *