अमजदिया रोड निर्माण पर उठे सवाल: काम पूरा होने से पहले ही RCC सड़क में दरारें, रहवासियों में नाराजगी

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका के प्रभाग समिति-2 क्षेत्र में अप्सरा सिनेमा के पीछे निर्माणाधीन अमजदिया रोड को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। करीब चार माह से जारी सड़क निर्माण कार्य की रफ्तार जहां बेहद धीमी बताई जा रही है, वहीं सड़क का एक हिस्सा बनने के बाद उसमें दरारें दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

स्थानीय रहवासियों के अनुसार अमजदिया रोड का आरसीसी निर्माण कार्य एम.सी. चंदनानी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। चार महीने के दौरान सड़क का केवल लगभग 150 से 200 फीट हिस्सा ही तैयार हो पाया है। नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क की सतह पर दरारें और लकीरें दिखाई देने लगी हैं, जिससे गुणवत्ता को लेकर संदेह पैदा हो गया है।

रहवासियों का कहना है कि यदि शुरुआती चरण में ही सड़क की यह स्थिति है तो भविष्य में सड़क की मजबूती पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। कुछ नागरिकों ने निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की आशंका भी जताई है और पूरे प्रकरण की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

इधर सड़क निर्माण के चलते क्षेत्र में आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के बाद वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण रोजमर्रा के कार्यों के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। कई रहवासियों ने पानी और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भी परेशानी होने की बात कही।

नागरिकों ने मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर प्रभावी निगरानी नहीं रख रहे हैं। क्षेत्र के इंजीनियरिंग विभाग की भूमिका को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है।

अब स्थानीय नागरिकों ने मनपा आयुक्त अनमोल सागर और महापौर नारायण चौधरी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों पर खर्च होने वाला सार्वजनिक धन पारदर्शी तरीके से उपयोग होना चाहिए और सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों का सीधा सवाल है— क्या यही विकास कार्यों की गुणवत्ता है, या फिर जनता के टैक्स के पैसे की अनदेखी की जा रही है? अब सभी की नजर मनपा प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *