अब्दुल गनी खान
भिवंडी: लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण भिवंडी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। टोरेंट पावर ने सुरक्षा कारणों से कुछ क्षेत्रों में अस्थायी रूप से विद्युत आपूर्ति बंद रखने की जानकारी दी है।
कंपनी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर बिजली वितरण नेटवर्क जलमग्न हो गया है। विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव और नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली बहाल करना फिलहाल संभव नहीं है।

टोरेंट पावर ने बताया कि बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभों, लाइनों और अन्य विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह पेड़ और शाखाएं बिजली लाइनों पर गिरने से मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है।
कंपनी के मुताबिक, इंडियन कॉर्पोरेशन, अरिहंत कंपाउंड, महावीर कॉम्प्लेक्स, पारसनाथ कंपाउंड, तलोली नाका, अमीना कंपाउंड, सुभाष नगर, रहमतपुरा, नूरी नगर, टेमघर, नागांव, शेलार, दापोड़ा, माणकोली, खोनी, कांबा, मिल्लत नगर, चाविंद्रा समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है।
टोरेंट पावर ने कहा कि उसकी टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं और जलभराव कम होने के साथ ही तकनीकी खराबियों को दूर कर सुरक्षित तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मौजूदा परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। टोरेंट पावर ने बिजली बाधित होने से हुई असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से खेद भी जताया है।

