चाविंद्रा डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था सुधारेगी मनपा, अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई, लगेंगे सीसीटीवी

भिवंडी

आदिल नोमानी
भिवंडी। चाविंद्रा स्थित डंपिंग ग्राउंड को लेकर लगातार उठ रही शिकायतों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के बीच भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका ने व्यवस्था में सुधार के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने डंपिंग ग्राउंड की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।


मनपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डंपिंग ग्राउंड के आसपास अनधिकृत रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई और टोइंग अभियान चलाने के लिए भिवंडी यातायात पुलिस को पत्र भेजा गया है। वहीं, कचरा संकलन और परिवहन का कार्य कर रही ठेकेदार संस्था को सभी वाहनों के अद्यतन आरसी बुक, फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध परमिट और चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि चालक नशामुक्त होकर ही ड्यूटी करें।

मनपा ने स्पष्ट किया है कि बायोमाइनिंग से खाली हुई जगह का फिलहाल अस्थायी रूप से निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट के लिए उपयोग किया जाएगा। मानसून समाप्त होने के बाद वैज्ञानिक एवं नियोजित तरीके से आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

डंपिंग ग्राउंड की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिसर में वॉच टॉवर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही चाविंद्रा डंपिंग ग्राउंड के विकल्प के रूप में नई जमीन उपलब्ध कराने के लिए ठाणे जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। नई भूमि उपलब्ध होने के बाद वर्तमान डंपिंग ग्राउंड को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय वार्ड क्रमांक-3 के जनप्रतिनिधि की मांग पर डंपिंग ग्राउंड के समीप बने टीन शेड की वैधता की जांच कर अनधिकृत पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भूमि अभिलेख विभाग से क्षेत्र का सीमांकन कराया जाएगा तथा शासन से मिलने वाले निधि के माध्यम से सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा।

बरसात के दौरान कचरा वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए सड़क पर अस्थायी रूप से पत्थर और रैबिट डाले जाएंगे। वहीं डंपिंग ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में नियमित रूप से दवा का छिड़काव और फॉगिंग कर मच्छरों तथा दुर्गंध पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने कहा कि चाविंद्रा डंपिंग ग्राउंड से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन चरणबद्ध तरीके से सभी आवश्यक उपाय लागू कर रहा है, ताकि स्थानीय नागरिकों को राहत मिल सके और कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *