व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर महिला कांग्रेस आक्रामक, निष्पक्ष जांच की मांग

भिवंडी

साइबर जांच और कार्रवाई की मांग, हवलदार पर भी आरोप

अब्दुल गनी खान| भिवंडी

व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक मैसेज और फोटो वायरल करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस की शहर जिलाध्यक्ष नमिता शेखावत ने ठाणे पुलिस आयुक्त को पत्र देकर निष्पक्ष साइबर जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, 21 अगस्त को दोपहर 3.58 बजे ‘पोलीस मित्रांचा कट्टा 2000’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक और बदनाम करने वाले मैसेज व फोटो शेयर किए गए। इसमें मोहम्मद खालिद शेख से जुड़ी सामग्री का भी जिक्र है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसको लेकर पहले भी शिकायत दी जा चुकी है।


इस मामले में पुलिस हवलदार अनिल छगन शिरसाठ का नाम भी सामने आया है। शिकायत में उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उनके सोशल मीडिया आचरण की विभागीय जांच की मांग की गई है। हालांकि इन आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और हवलदार का पक्ष आना बाकी है।

नमिता शेखावत ने चेतावनी दी है कि अगर समय पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ताओं के साथ शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। पहले यह आंदोलन 30 अगस्त को दोपहर 1 बजे कल्याण नाका से दिघे चौक होते हुए मनपा तक प्रस्तावित था, लेकिन पुलिस के अनुरोध पर अब इसे 31 अगस्त को करने की बात कही गई है।शिकायत में कहा गया है कि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था का पालन किया जाएगा, किसी को धमकी नहीं दी जाएगी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।

ठाणे पुलिस की विशेष शाखा ने 25 अगस्त को शिकायत को भिवंडी परिमंडल-2 के डीसीपी के पास भेज दिया है। विशेष शाखा ने मामले में जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब सभी की निगाहें भिवंडी पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *