रील मेकिंग प्रतियोगिता से लेकर स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, 20 अगस्त तक चलेगी मुहिम
अब्दुल गनी खान भिवंडी
नशे के बढ़ते खतरे से युवाओं और विद्यार्थियों को बचाने के लिए भिवंडी पुलिस ने ‘कैंपस कनेक्ट’ नाम से विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। महाराष्ट्र सरकार के ‘ड्रग फ्री महाराष्ट्र मिशन’ के तहत ठाणे पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-2 भिवंडी की ओर से यह अभियान 9 से 20 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त पवन बनसोड ने कहा कि ड्रग्स आज युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है। नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस और प्रशासन के साथ शिक्षक, अभिभावक और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से अभियान के दौरान शहर में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रील बनाकर दें नशे के खिलाफ संदेश
अभियान के तहत भिवंडी पुलिस ने इंस्टाग्राम पर रील मेकिंग प्रतियोगिता शुरू की है। इसमें 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को लैपटॉप, द्वितीय को टैबलेट और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को मोबाइल फोन पुरस्कार के रूप में दिया जाएगा। विजेताओं का सम्मान 20 अगस्त को ओसवाल स्कूल ऑडिटोरियम, भिवंडी में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा।
17 अगस्त तक भेजनी होगी रील
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को नशा विरोधी जागरूकता पर बनाई गई रील 17 अगस्त तक व्हाट्सऐप नंबर 9371855100 पर भेजनी होगी। वीडियो की अधिकतम अवधि 120 सेकंड निर्धारित की गई है।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे कार्यक्रम
‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर पथनाट्य, स्कूल-कॉलेजों में मार्गदर्शन शिविर और जनजागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा पुणे के मुक्तांगण पुनर्वास केंद्र के विशेषज्ञ नशामुक्ति और पुनर्वास को लेकर विद्यार्थियों और नागरिकों को जानकारी देंगे।

भिवंडी पुलिस ने विद्यार्थियों और नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि युवाओं की रचनात्मकता के जरिए ‘Say No to Drugs’ का संदेश समाज तक पहुंचाकर नशामुक्त और सशक्त महाराष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

