जनसेवा के कार्यों को और विस्तार देने का संकल्प, पदभार समारोह में जुटे गणमान्य
अब्दुल गनी खान भिवंडी
रोटरी क्लब ऑफ भिवंडी के नए अध्यक्ष के रूप में प्रदीप बालचंद राका ने पदभार संभाल लिया है। वहीं रोटेरियन गुरुप्रसाद सिंह को वर्ष 2027-28 के लिए प्रेसीडेंट इलेक्ट घोषित किया गया। रामदेव बाइट्स बैंक्वेट सभागृह में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह में रोटरी के पदाधिकारियों, सदस्यों और शहर के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।

समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 (इलेक्ट) चंद्रहंस शेट्टी ने रोटरी इंटरनेशनल की ओर से किए जा रहे जनसेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोटरी मेडिकल सहायता, शिक्षा, स्वच्छता अभियान, गरीबों को अन्न व वस्त्र वितरण, पेयजल सुविधा और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम कर रही है।
नई टीम ने संभाला पदभार
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप राका ने पूर्व अध्यक्ष रमेश मालानी से पदभार ग्रहण किया। इस दौरान सेक्रेट्री प्रताप हीरा, खजांची दीपक गांधी सहित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने भी जिम्मेदारी संभाली।

प्रदीप राका ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रोटरी परिवार में नए सदस्यों को जोड़ना और जनहित के कार्यों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाना होगी। उन्होंने कहा कि रोटरी की सेवा भावना को शहर के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए नई टीम पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगी।
66 वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय है रोटरी क्लब
पूर्व अध्यक्ष रमेश मालानी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि रोटरी क्लब भिवंडी पिछले 66 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। उनके कार्यकाल में स्वच्छता अभियान, मेडिकल सेवा, शिक्षा सहायता, आदिवासी परिवारों को कपड़े और अनाज वितरण, वृक्षारोपण तथा रिमांड होम में रक्षाबंधन जैसे कई सामाजिक कार्य किए गए।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदीप राका के नेतृत्व में रोटरी क्लब भिवंडी नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।
गुरुप्रसाद सिंह को मिली भविष्य की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब भिवंडी के अध्यक्ष प्रदीप राका और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने रोटेरियन गुरुप्रसाद सिंह को वर्ष 2027-28 के लिए प्रेसीडेंट इलेक्ट घोषित किया। इस अवसर पर नए रोटेरियनों को भी रोटरी परिवार से जोड़ा गया।
समारोह में रोटरी असिस्टेंट गवर्नर जगदीश पाटिल, चीफ कोऑर्डिनेटर सतीश भोजने, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री अवधूत शेटे, पूर्व अध्यक्ष हरिश्चंद्र भोईर, एड. वैभव भोईर, राजेश पालीवाला, मुफज्जल आरसीवाला, दीपक गांधी, डॉ. अभिषेक जैन सहित बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य और गणमान्य उपस्थित रहे।

