भिवंडी में एफडीए की छापेमारी, पान टपरी से प्रतिबंधित विमल पान मसाला जब्त; संचालक गिरफ्तार

भिवंडी

7,763 रुपये का माल बरामद, अन्न सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज

अब्दुल गनी खान
भिवंडी में प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ एफडीए (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) ने कार्रवाई तेज कर दी है। एफडीए की टीम ने भोईवाडा पुलिस की मदद से एक पान टपरी पर छापा मारकर प्रतिबंधित विमल पान मसाला जब्त किया और संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य पान टपरी संचालकों में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने जांच और कार्रवाई के डर से अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दी हैं।

         गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, ठाणे एफडीए को सूचना मिली थी कि भोईवाडा इलाके में इरशाद नामक पान टपरी चालक प्रतिबंधित विमल पान मसाला बेच रहा है। सूचना के आधार पर एफडीए के सहायक आयुक्त प्रवीण शिंदे ने भोईवाडा पुलिस के साथ मिलकर 7 अगस्त की रात करीब 8 बजे दिवानशाह दरगाह के सामने स्थित इरशाद पान शॉप पर छापेमारी की।

जांच के दौरान पान टपरी से 7,763 रुपये कीमत का प्रतिबंधित विमल पान मसाला बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से पान टपरी संचालक इरशाद इलियास अब्दुल अजीज अंसारी (48) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

    अन्न सुरक्षा कानून के तहत केस दर्ज

एफडीए अधिकारी प्रवीण शिंदे की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अन्न सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

एफडीए अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बेचने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री या खरीद से बचें।

लगातार कार्रवाई से पान विक्रेताओं में चिंता

गौरतलब है कि भिवंडी शहर में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला बेचने वालों और खाद्य पदार्थों में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ एफडीए लगातार कार्रवाई कर रहा है। हालांकि कार्रवाई के बावजूद शहर में प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं हो पाई है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *