अब्दुल गनी खान
भिवंडी। कोहिनूर इमारत हादसे में 10 लोगों की मौत और शहर की बदहाल सड़कों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) ने बुधवार को भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आयुक्त कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए राकांपा के गमछे से प्रतीकात्मक ताला लगाया और हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

राकांपा (अजित) के शहर अध्यक्ष प्रवीण पाटिल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मनपा प्रशासन पर शहर की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रवीण पाटिल ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेयान एंटरप्राइज कंपनी की कार्यप्रणाली से छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, लेकिन प्रशासन कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहा।
प्रवीण पाटिल ने कोहिनूर इमारत हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि हादसे में 10 लोगों की जान चली गई, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने इसे प्रशासनिक जवाबदेही का गंभीर मामला बताते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद प्रवीण पाटिल ने महापौर नारायण चौधरी से फोन पर बातचीत कर शहर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और कोहिनूर हादसे के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद राकांपा प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस कार्यालय भी पहुंचा, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा सुमित्रा पवार पर की गई कथित टिप्पणी का विरोध किया गया। प्रवीण पाटिल ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है और सार्वजनिक जीवन में सभी नेताओं को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
प्रदर्शन में अरूबा अंकम, सिद्धार्थ गोरे, शमीम अंसारी, रजीत वालिया, महेश येमुल सहित बड़ी संख्या में राकांपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भिवंडी में कोहिनूर नामक इमारत ढहने से 10 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद से स्थानीय नागरिक और विभिन्न राजनीतिक दल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

