भिवंडी में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से दुष्कर्म का आरोप, बाबा पर केस

भिवंडी

दरगाह पर बुलाकर इलाज के नाम पर शोषण का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भिवंडी शहर में बीमारी ठीक करने के नाम पर झाड़-फूंक कराने वाली एक 30 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। भिवंडी शहर पुलिस ने बाबा इस्माईल (50) और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के मुताबिक, नेहरू नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास रहने वाली पीड़िता एक निजी क्लिनिक में असिस्टेंट के तौर पर काम करती है। शिकायत के अनुसार, बाबा इस्माईल ने महिला से उसकी बीमारी ठीक करने का दावा किया और झाड़-फूंक के लिए उसे कई बार वराला देवी तालाब के पास स्थित दरगाह पर बुलाया।


आरोप है कि 9 जून 2024 से 10 अगस्त 2026 के बीच महिला को कई बार वहां बुलाया गया। पहली मुलाकात में आरोपी ने उसके बंधे बाल खोले, हाथ में नींबू लेकर कुछ पढ़ा और नींबू काटकर फेंक दिया। इसके करीब 15 दिन बाद दोबारा बुलाकर झाड़-फूंक के दौरान महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने महिला को फोन किया और दावा किया कि उसने पूरी घटना का मोबाइल फोन से वीडियो बनाया है। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल किया जाने लगा। आरोपी ने यह भी कहा कि कथित वीडियो किसी इरफान नाम के व्यक्ति के पास है।
इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया। 11 अगस्त 2026 की रात करीब 9:45 बजे वह भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने क्राइम नंबर 599/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 74 और 78 के अलावा महाराष्ट्र नरबली और अन्य अमानवीय, अनिष्ट एवं अघोरी प्रथाओं तथा जादू-टोना प्रतिबंध अधिनियम, 2013 की धारा 3 और आईटी एक्ट, 2000 की धाराओं 66E और 67 के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर कदम और विनोद पाटिल कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, बाबा इस्माईल की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही कथित वीडियो वायरल करने वाले अज्ञात व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बीमारी या अन्य परेशानी के इलाज के नाम पर अंधविश्वास और झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें। किसी भी तरह की ठगी, धमकी या ब्लैकमेलिंग का सामना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *