अब्दुल गनी खान
भिवंडी: पारोल-भिवंडी रोड पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार वैगन आर कार का अगला टायर अचानक फट गया। इससे चालक का कार पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, समय पर एयरबैग खुलने से कार सवार दो भाई गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गए। चालक को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, नालासोपारा निवासी ऋषि चौहान (22) और उनके भाई सैमुअल चौहान (23) कार नंबर MH 01 EE 8133 से भिवंडी तालुका के तिलहेर स्थित अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। शनिवार रात करीब 10 बजे वे पारोल से भिवंडी की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान कार का अगला टायर अचानक फट गया।
टायर फटने के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों भाइयों को कार से बाहर निकाला। ऋषि चौहान को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उनका उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की प्राथमिक जांच की। शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार का टायर फटना सामने आई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है।
सड़क की खराब हालत पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पारोल-भिवंडी रोड की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खराब सतह दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहे हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि टक्कर की आवाज बेहद तेज थी और कुछ पल के लिए लगा कि बड़ा हादसा हो गया है। हालांकि, एयरबैग खुलने से दोनों भाई सुरक्षित बच गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

