भिवंडी में आज 7 घंटे पानी की सप्लाई रहेगी बंद

भिवंडी

बिजली लाइन पर टावर निर्माण कार्य के चलते STEM का रॉ-वॉटर पंपिंग स्टेशन रहेगा बंद, भिवंडी समेत कई शहर प्रभावित

भिवंडी। बिजली लाइन पर प्रस्तावित तकनीकी काम के चलते शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को भिवंडी और आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। महावितरण की ओर से प्राप्त सूचना के अनुसार, EHV O&M विभाग, डोंबिवली के अंतर्गत 100 केवी पडघा-अंबरनाथ विद्युत वाहिनी पर लोकेशन नंबर 33A के पास नया टावर लगाने और VME-NHAI के काम के लिए मौजूदा टावर की ऊंचाई बढ़ाने का कार्य किया जाएगा।

यह काम सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसके कारण शहाड स्थित STEM कंपनी के रॉ-वॉटर पंपिंग स्टेशन की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली बंद रहने से रॉ-वॉटर पंपिंग भी ठप रहेगी और इसका सीधा असर पानी की सप्लाई पर पड़ेगा।

STEM कंपनी के माध्यम से भिवंडी निजामपुर, ठाणे और मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में होने वाली पानी की आपूर्ति इस अवधि में बंद रहेगी। लिहाजा संबंधित इलाकों के नागरिकों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है।

महापालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का आवश्यक भंडारण पहले से कर लें और उपलब्ध पानी का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक करें। प्रशासन ने नागरिकों से इस आपातकालीन पानी कटौती को ध्यान में रखते हुए सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *