भिवंडी रोजगार महाकुंभ में 146 युवाओं को मिली नौकरी, 32 कंपनियों ने लिया हिस्सा

ठाणे भिवंडी

600 युवाओं ने कराया था ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, 379 अभ्यर्थी पहुंचे; तीन केंद्रों पर आयोजित हुए रोजगार शिविर

संवाददाता, भिवंडी:
महाराष्ट्र शासन के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार महाकुंभ के तहत भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के समाज कल्याण विभाग की ओर से शहर में तीन स्थानों पर रोजगार शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 379 युवाओं ने प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लिया, जबकि 146 युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिए गए।

रोजगार शिविर ईदगाह स्थित तकिया अमानी शाह आईटीआई, कामतघर फेणेपाडा स्थित तेलुगु समाज शिक्षण संस्था और छत्रपति शिवाजी महाराज चौक स्थित चाचा नेहरू स्कूल के संस्कार प्रतिष्ठान में आयोजित किए गए थे।

     600 युवाओं ने कराया था रजिस्ट्रेशन

मनपा के जनसंपर्क अधिकारी श्रीकांत परदेशी के अनुसार, रोजगार मेले के लिए कुल 600 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 379 अभ्यर्थी शिविर में प्रत्यक्ष रूप से पहुंचे।

चाचा नेहरू स्कूल स्थित संस्कार प्रतिष्ठान में आयोजित शिविर में 213 अभ्यर्थियों में से 178 का प्राथमिक चयन हुआ। इनमें से 118 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं, तकिया अमानी शाह आईटीआई में पहुंचे 127 अभ्यर्थियों में से 28 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया।

इस तरह कुल 379 उपस्थित अभ्यर्थियों में से 146 युवाओं को रोजगार मिलने से उनके चेहरे पर खुशी नजर आई।

          32 कंपनियों ने लिया हिस्सा

रोजगार महाकुंभ में दोधिया लिमिटेड, ट्रायडेंट एचआर, प्रिकोन मैनपावर, श्री कृपा सर्विस, एलआईसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, फ्लिपकार्ट, टोरंट पावर और हिताची कैश मैनेजमेंट समेत कुल 32 कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की।

   अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण प्रमुख मिलिंद पळसुले, सहायक आयुक्त गिरीश घोष्टेकर, कौशल विकास विभाग के वी.आर. पाटील, संस्कार प्रतिष्ठान के अध्यक्ष एवं पूर्व सभापति एडवोकेट वैभव भोईर, नगरसेवक सुमित पाटील, निलेश चौधरी, पूर्व नगरसेवक हनुमान चौधरी, नगरसेविका रोमा आळशी, नेहा काठवले और मार्गदर्शक एडवोकेट हर्षल पाटील सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *